भाजपा के आंगन मिलन कार्यक्रम में महिलाओं से संवाद, दिव्या त्रिपाठी ने बताईं नारी उत्थान की योजनाएं

चित्रकूट। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम के माध्यम से महिला कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी में कार्यरत महिलाओं के बीच संवाद का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी ने आंगनवाड़ी में कार्यरत महिलाओं से मुलाकात कर पार्टी की नीतियों और महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर दिव्या त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नारी उत्थान और महिला सशक्तीकरण के लिए सदन से लेकर सड़क तक निरंतर प्रयास कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उन्हें सम्मानजनक अवसर उपलब्ध कराना और सामाजिक जीवन में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
उन्होंने आंगनवाड़ी में कार्यरत महिलाओं से संवाद करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। साथ ही कहा कि महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना समाज के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम को महिलाओं से सीधे जुड़ने और उनके विचारों को समझने का एक माध्यम बताया गया। कार्यक्रम में राखी चौबे सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।