शिक्षा से संस्कार की अलख चित्रकूट से निकली राष्ट्रव्यापी मुहिम

चित्रकूट | शिक्षक दिवस के अवसर पर एकल शिक्षा अभियान की विशेष बैठक कामतानाथ प्रदक्षिणा प्रमुख द्वार पर आयोजित हुई। इस मौके पर शिक्षा के माध्यम से गांव-गांव, घर-घर संस्कार और राष्ट्र चेतना का दीप जलाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के विषय मे जानकारी देते हुए जय बजरंग सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आनंद तिवारी ने कहा कि अब संगठन का परिवार बड़ा हो गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ परिवार के अनुशांगिक संगठन एकल शिक्षा अभियान और जय बजरंग सेना अब मिलकर शिक्षा और संस्कार की दिशा में काम करेंगे , उन्होने कहा यह सब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन उपाध्याय की सूक्ष्मदर्शी सोच के कारण संभव हो रहा है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संचालित एकल शिक्षा अभियान की विभागीय प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना उपाध्याय ने इस अवसर पर शिक्षक-शिक्षिकाओं का सम्मान करते हुए विशेष ड्रेस कोड का वितरण किया। उन्होंने कहा कि यह ड्रेस कोड शिक्षा का प्रतीक होगा और इसी के साथ शिक्षक-शिक्षिका गांव-गांव में जाकर शिक्षा व संस्कार की अलख जगाएंगे।
कामदगिरि पीठ के अधिकारी स्वामी डॉ. मदनगोपाल दास जी महाराज ने कहा कि इस पहल से समाज में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा। उन्होंने इसे राष्ट्रहित में संघ परिवार की दूरदर्शी सोच बताया।
इस बैठक में हिमाचल प्रदेश से आई चंद्रकाता विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं , उन्होंने कहा संपूर्ण राष्ट्र मे एकल शिक्षा अभियान चलाकर बच्चों को प्राथमिक शिक्षा देना और संस्कार पर फोकस कर भारत की नींव मजबूत करना संगठन का प्रमुख उद्देश्य है जिसे स्वयंसेवी बहने व भाई साकार कर रहे हैं।
कार्यक्रम मे मुख्य रूप से एडवोकेट अर्चना श्रीवास्तव, बृजेश सिंह , नगर पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता, पंकज अग्रवाल व उमेश शुक्ला सहित सैकड़ों शिक्षा व संस्कार प्रहरी मौजूद रहे।
यह आयोजन न केवल शिक्षक दिवस को समर्पित रहा बल्कि इसने एक नई दिशा भी दिखाई कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि संस्कार और राष्ट्रभावना का भी आधार है।