चित्रकूट में आस्था का महाआयोजन सवा 5 लाख से अधिक हनुमान चालीसा पाठ

कार्यक्रम को लेकर जय बजरंग सेना की राष्ट्रीय प्रभारी अर्चना नितिन उपाध्याय ने कहा कि बजरंगबली कलियुग में कष्ट हरण करने वाले देवता हैं।

चित्रकूट में आस्था का महाआयोजन सवा 5 लाख से अधिक हनुमान चालीसा पाठ, हजारों भक्तों की सहभागिता

चित्रकूट, संवाददाता।

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जनपद के शिवरामपुर स्थित लाइना बाबा सरकार मंदिर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर ट्रस्ट प्रबंधन के अनुसार यहां सवा 5 लाख से अधिक हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ संपन्न हुआ, जो धार्मिक दृष्टि से एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
बताया गया कि हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस महापाठ में भाग लिया और प्रत्येक भक्त द्वारा 108 बार हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।

इसी सामूहिक संकल्प और भक्ति भाव के परिणामस्वरूप कुल पाठ संख्या सवा 5 लाख के पार पहुंच गई। कार्यक्रम को लेकर जय बजरंग सेना की राष्ट्रीय प्रभारी अर्चना नितिन उपाध्याय ने कहा कि बजरंगबली कलियुग में कष्ट हरण करने वाले देवता हैं।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार की भक्ति और श्रद्धा चित्रकूट धाम में देखने को मिली है, वह यह संकेत देती है कि यहां आध्यात्मिक परिवर्तन का एक नया युग प्रारंभ हो रहा है।

इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मंदिर प्रशासन को शुभकामनाएं प्रेषित कीं और चित्रकूट आगमन पर दर्शन करने का आश्वासन दिया।

हनुमान जन्मोत्सव के इस विशेष आयोजन में समाजसेवी, व्यापारी वर्ग, जनप्रतिनिधि तथा आम श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। पूरा क्षेत्र भक्ति, उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर नजर आया।

धार्मिक नगरी चित्रकूट में आयोजित यह महाआयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक भक्ति की मिसाल भी प्रस्तुत कर गया।