भाजपा नेता ने लिखा रेल मंत्री को खत राजापुर को राष्ट्रीय धरोहर बनाने की मांग

अयोध्या प्रयागराज राजापुर रेल लाइन की मांग तेज, भाजपा नेता शिवपूजन गुप्ता ने रेल मंत्री को भेजा पत्र

चित्रकूट।
रामनगरी अयोध्या से प्रयागराज, राजापुर होते हुए चित्रकूट तक नई रेल लाइन की स्थापना की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। भारतीय जनता पार्टी, जनपद चित्रकूट के पदाधिकारियों ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री भारत सरकार को पत्र भेजकर ऐतिहासिक, धार्मिक और विकासात्मक महत्व को रेखांकित किया है।

भाजपा नेता शिवपूजन गुप्ता की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि राजापुर चित्रकूट गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मस्थली है, जो न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धा और साहित्य का केंद्र है।

अयोध्या, प्रयागराज और चित्रकूट ये तीनों स्थल भगवान राम के जीवन और भारतीय संस्कृति से गहराई से जुड़े हुए हैं। इसके बावजूद आज भी इस महत्वपूर्ण धार्मिक परिक्षेत्र को सीधी रेल सेवा से नहीं जोड़ा जा सका है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में अयोध्या से प्रयागराज होते हुए चित्रकूट और राजापुर तक पहुंचने का मार्ग जटिल, समय-साध्य और खर्चीला है। यदि प्रयागराज से भरवारी, राजापुर होते हुए चित्रकूट तक नई रेल लाइन स्थापित की जाती है, तो न केवल श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, कृषि और रोजगार को भी नया आयाम मिलेगा।

भाजपा नेता ने यह भी कहा कि रामायणकालीन स्थलों को रेल नेटवर्क से जोड़ना सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ “सबका साथ सबका विकास” की भावना को साकार करेगा। इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटक आसानी से गोस्वामी तुलसीदास जी की जन्मस्थली राजापुर पहुंच सकेंगे और रामायण की भूमि चित्रकूट का दर्शन कर सकेंगे।

पत्र के माध्यम से केंद्र सरकार से आग्रह किया गया है कि अयोध्या – प्रयागराज – राजापुर – चित्रकूट रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देकर कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि आस्था, संस्कृति और विकास तीनों को एक साथ गति मिल सके।