
चित्रकूट।
बुंदेलखंड के युवा गायक रामजी (सो्नु त्रिपाठी) ने अपनी मधुर और शास्त्रीय गायिकी के दम पर देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब उन्हें एक और बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति मंत्रालय के विशेष निमंत्रण पर प्रसिद्ध बुंदेली गायक सोनू त्रिपाठी को अयोध्या के श्री राम मंदिर में होने वाले कलश ध्वजारोहण समारोह में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह आयोजन 24-25 नवंबर को भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में आयोजित होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश के अनेक विशिष्ट जन इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बनेंगे।
कामदगिरि पीठ के महंत एवं चित्रकूट के प्रख्यात संत डॉ. मदन गोपाल दास जी महाराज ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि कम उम्र में ही सोनू त्रिपाठी ने अपनी ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर अपनी कठिन मेहनत व लगन के दम पर बड़े मंचों पर अपनी जगह बनाई है।

पूर्व बांदा-चित्रकूट सांसद आर.के. सिंह पटेल, सर्वेश त्रिपाठी, आरव मिश्रा, अर्चन दास सहित अनेक संगीत प्रेमियों ने भी उत्तर प्रदेश सरकार के संस्कृति मंत्रालय के इस निर्णय की सराहना की और कहा कि बुंदेलखंड के लोकगायक को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का यह अवसर अत्यंत गौरवपूर्ण है।
गायक रामजी सोनू त्रिपाठी ने इस निमंत्रण को अपने सपनों के सच होने जैसा बताया। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी के सामने श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में प्रस्तुति देना मेरे लिए किसी सपने के साकार होने से कम नहीं है।”








