
संत तुलसीदास जन्मस्थली को रेल लाइन से जोड़ने की मांग, चित्रकूट में सौंपा गया ज्ञापन
चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के चित्रकूट प्रवास के दौरान भाजपा नेता शिवपूजन गुप्ता ने ऐतिहासिक एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली राजापुर को रेल लाइन से जोड़ने की मांग उठाई। इस अवसर पर गुप्ता ने केंद्रीय रेल मंत्री को संबोधित एक प्रार्थना पत्र उप मुख्यमंत्री को सौंपा।
प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि अयोध्या की तरह तुलसीदास जी की जन्मस्थली भी विश्व पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट स्थान रखती है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु रामचरितमानस के रचयिता की जन्मभूमि के दर्शन के लिए आते हैं। वर्तमान में रेल संपर्क न होने के कारण पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में भारी असुविधा होती है।

गुप्ता ने सुझाव दिया कि प्रयागराज से भरवारी होते हुए राजापुर, चित्रकूट और खजुराहो को जोड़ने वाली नई रेल लाइन का निर्माण कराया जाए। इससे न केवल धार्मिक पर्यटन को बल मिलेगा बल्कि स्थानीय व्यापार, कृषि और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि नई रेल लाइन से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सकेगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ज्ञापन प्राप्त कर आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार धार्मिक आस्था और जनसुविधा से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को गंभीरता से केंद्र सरकार के समक्ष रखेगी।








