SHARE

‘घुमक्कड़ चित्रकूटी’ से बढ़ा पर्यटन को नया आयाम

चित्रकूट / भोपाल

चित्रकूट के युवा ट्रैवल इंफ्लुएंसर आशीष द्विवेदी को मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। यह तीसरा अवसर है जब आशीष को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला है।

आशीष द्विवेदी अपने चर्चित इंस्टाग्राम पेज “@ghumakkad_chitrakooti” के माध्यम से चित्रकूट और आसपास के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती को दुनिया के सामने ला रहे हैं। उनके पेज पर 2 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं, और उनकी रीलों से चित्रकूट के धार्मिक व प्राकृतिक स्थलों को नई पहचान मिल रही है।

कार्यक्रम में उन्हें वेब सीरीज़ ‘पंचायत’ में ‘बिनोद’ के किरदार से प्रसिद्ध अभिनेता अशोक पाठक द्वारा अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि आशीष जैसे युवा सोशल मीडिया के माध्यम से देशी पर्यटन को नई दिशा दे रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को भी बल मिल रहा है।

आशीष द्विवेदी ने सम्मान मिलने पर कहा —

“यह सम्मान सिर्फ मेरा नहीं, बल्कि पूरे चित्रकूट का है। मेरा प्रयास हमेशा यही रहेगा कि लोग हमारे क्षेत्र की पौराणिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक सुंदरता को जानें और यहां आएं।”

आशीष की रीलों में कामदगिरि पर्वत, स्फटिक शिला, गुप्त गोदावरी, सती अनुसूया आश्रम, हनुमान धारा जैसे प्रमुख स्थल अक्सर दिखाई देते हैं। उनकी मेहनत से चित्रकूट को न केवल सोशल मीडिया पर पहचान मिली है, बल्कि अब यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

पर्यटन विभाग के अनुसार, आशीष द्विवेदी जैसे कंटेंट क्रिएटर्स स्थानीय पर्यटन विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनकी सफलता से प्रेरित होकर अब कई युवा सोशल मीडिया के माध्यम से अपने क्षेत्र के प्रचार-प्रसार में जुटे हैं।

image_printPrint
2.75 avg. rating (63% score) - 4 votes