
चित्रकूट। जनपद की सक्रिय और जुझारू महिला नेतृत्व की पहचान बन चुकीं दिव्या त्रिपाठी को भारतीय जनता पार्टी में जिला उपाध्यक्ष पद की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में उत्साह का माहौल है। हाल ही में भाजपा शीर्ष नेतृत्व की संस्तुति पर जिलाध्यक्ष महेन्द्र कोटार्य द्वारा घोषित जिला टीम में उन्हें यह दायित्व दिया गया, जिसे उनके अब तक के कार्यों का स्वाभाविक परिणाम माना जा रहा है।
नियुक्ति के उपरांत दिव्या त्रिपाठी को शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा। पहाड़ी ब्लाक क्षेत्र मे युवाओं ने जोरदार स्वागत किया तो उनके मनोनयन पर मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

दीनदयाल शोध संस्थान के सचिव अभय महाजन से उनकी मुलाकात चर्चा का विषय बनीं उन्होंने उनके उज्जवल भविष्य की कामना की, वहीं सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय नारी शक्ति की प्रतिनिधि ज्योति करवरिया ने भी उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी। यह मुलाकातें इस बात का संकेत हैं कि दिव्या त्रिपाठी का प्रभाव केवल राजनीति तक सीमित नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी उनकी मजबूत उपस्थिति है।
दिव्या त्रिपाठी का राजनीतिक सफर निरंतर संघर्ष, सेवा और समर्पण से परिपूर्ण रहा है। गांव स्तर से अपनी पहचान बनाने वाली त्रिपाठी ने महिला मोर्चा में जिलाध्यक्ष रहते हुए संगठन को नई ऊर्जा दी। उन्होंने महिलाओं को जागरूक करने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने और जनसंपर्क को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनकी कार्यशैली में एक खास बात यह रही है कि वे केवल पद तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर लोगों के बीच जाकर समस्याओं को समझने और समाधान का प्रयास करने में विश्वास रखती हैं। यही कारण है कि उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई और आज उन्हें संगठन में एक सशक्त चेहरे के रूप में देखा जा रहा है।
नवीन दायित्व मिलने पर दिव्या त्रिपाठी ने पार्टी नेतृत्व और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पद उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए जनहित और पार्टी हित में पूरी निष्ठा से कार्य करेंगी।
चित्रकूट की राजनीति में यह नियुक्ति न केवल महिला नेतृत्व को मजबूती देने वाली मानी जा रही है, बल्कि आने वाले समय के दृष्टिकोण से भी इसे एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।








