
चित्रकूट 》 “वन नेशन, वन इलेक्शन” को लेकर देशभर में जागरूकता अभियान चल रहा है, और इस कड़ी में धर्म नगरी चित्रकूट में आयोजित विचार संगोष्ठी एक ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध हुई। सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी से यह आयोजन केवल संवाद नहीं, बल्कि एक जन-जागरण अभियान में बदल गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि, भाजपा नेता व प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा “जब-जब देश में कोई बड़ा आंदोलन हुआ है, तब-तब महिलाओं ने अग्रिम पंक्ति में नेतृत्व किया है। एक राष्ट्र, एक चुनाव जैसे संकल्प को सफल बनाने में भी नारी शक्ति की भूमिका निर्णायक होगी।”

उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी सुधार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे इस संकल्प के लाभों को समझें और समाज में इसके प्रति समर्थन का वातावरण बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं डा. प्रमिला मिश्रा ने भी अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में कहा कि एक साथ चुनावों से संसाधनों की बचत होगी और शासन अधिक स्थिर व प्रभावी बन सकेगा। उन्होंने विशेष रूप से नारी शक्ति को आह्वान करते हुए कहा कि जब महिलाएं लोकतंत्र के हर चरण में भाग लेंगी, तभी यह अभियान सफल होगा।

विशिष्ट अतिथि रंजना उपाध्याय, जो कि प्रदेश भाजपा की पूर्व उपाध्यक्ष एवं वन नेशन वन इलेक्शन समिति की सदस्य हैं, ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यह संकल्प केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसका लाभ जन-जन तक पहुंचेगा और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी भी बढ़ेगी।
संयोजिका दिव्या त्रिपाठी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन की सफलता इस बात से सिद्ध होती है कि सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने इसे जन-जन तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि अब नारी शक्ति केवल विचारों की वाहक नहीं, परिवर्तन की सूत्रधार बन चुकी है।
कार्यक्रम में अंजू वर्मा, राजेश्वरी द्विवेदी, अर्चना सिंह, साधना सिंह और किरण सहित अनेक प्रभावशाली महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने विचारों से कार्यक्रम को सार्थक दिशा दी।