
विकास के पंख लगा रहे नगरपालिका अध्यक्ष नरेन्द्र गुप्ता तो हाॅट बाजार बना चर्चा का विषय
चित्रकूटधाम कर्वी।
प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप नगरों के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में चित्रकूटधाम कर्वी में विकास कार्यों को नई गति मिली है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने नगर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का संयुक्त रूप से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुरानी बाजार क्षेत्र के वार्ड संख्या-18 स्थित धनुष चौराहा के समीप रिक्त भूमि का अवलोकन किया गया। जिलाधिकारी ने इस भूमि के सुनियोजित उपयोग की संभावनाओं पर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं पुराने बस स्टैंड परिसर में आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स के निर्माण हेतु प्रारंभिक योजना तैयार करने को कहा गया, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिल सके।

इसके अतिरिक्त रामपुरी वार्ड संख्या – 20 स्थित पुरानी कोतवाली भवन के समुचित विकास एवं पुनरुपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। नगर के सौंदर्यीकरण को लेकर गांधीगंज वार्ड संख्या-23 में धतूरा चौराहा से धनुष चौराहा तक सड़क चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अटल पार्क के द्वितीय प्रवेश द्वार को आम नागरिकों के लिए शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए गए, जिससे पार्क तक पहुंच और सुविधाएं और बेहतर हो सकें।
जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सर्वोपरि है। नगर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधाजनक बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता ने भी भरोसा दिलाया कि सभी योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए नगर पालिका पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।
निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के क्रम में शीघ्र ही विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे। प्रशासन द्वारा नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाएगी।
नगर के विकास एवं सौंदर्यीकरण को लेकर किए जा रहे इन प्रयासों से आम नागरिकों में सकारात्मक संदेश गया है और चित्रकूटधाम कर्वी को एक आदर्श नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है , तो वहीं कथित पेशवा किला मे हाॅट बाजार बनाने की बात निकलकर आई तो चर्चा का विषय बन गया है और बात सीधे लखनऊ तक पहुँच रही है। इसलिए विकास के मुद्दे पर कर्वी चित्रकूट की डबल इंजन की सरकार चर्चा मे बनी हुई है।








