
चित्रकूट। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण यात्रा सुविधा का शुभारंभ किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को एक सहयोगी के साथ तीन दिन की निःशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की गई। इसके साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा का भी शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजक दिव्या त्रिपाठी उपस्थित रहीं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस निर्णय को महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
दिव्या त्रिपाठी ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की महिलाओं को मिली यह सौगात केवल यात्रा की सुविधा नहीं, बल्कि महिला सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का संदेश है। खास तौर पर बुजुर्ग महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की सुविधा उनके लिए बड़ी राहत साबित होगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार महिलाओं और बुजुर्गों को केंद्र में रखकर लगातार जनकल्याणकारी फैसले ले रही है। रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर महिलाओं को यह सुविधा मिलना सरकार की महिला केंद्रित सोच को दर्शाता है।
कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने भी सरकार की इस पहल का स्वागत किया और इसे महिलाओं के लिए उपयोगी कदम बताया।









