@Saurabh Dwivedi
पिछले दिनों सोशल मीडिया पर भाजपा के युवा महामंत्री आलोक कुमार पांडेय की बजट पर चर्चा की तस्वीरें खूब वायरल हो रही थीं , तस्वीरें बोल रही थीं कि बजट पर इस बार माहौल अलग है ! युवा विचारों के माध्यम से आलोक जन – जन को बजट से आलोकित करते नजर आ रहे थे तो वहीं शनिवार को भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने बजट पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गहन जानकारी देने की कोशिश की , क्या कारण है कि भाजपा बजट महोत्सव मनाती नजर आ रही है।
ऐसा लगता है कि भाजपा हर वक्त बैटल फील्ड पर रहती है। बजट को लेकर पूर्ववर्ती सरकारों ने भी कभी गांव – गली तक चर्चा नहीं की , इसके विपरीत भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को गांव तक बजट की जानकारी देने के लिए कहा। जैसे कि युवा महामंत्री आलोक पांडेय कभी वकीलों के पास नजर आते हैं तो कभी छात्र – छात्राओं के पास पहुंच जाते हैं। वह साहित्यिक और व्यवहारिक भाषा में सभी बजट क्यों महत्वपूर्ण है यह समझाते हुए नजर आते हैं।

वहीं क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने पत्रकार वार्ता के दौरान गांव – गरीब और किसान की बात करते हैं , जिस बजट को विपक्ष ने कहा कि यह अडानी – अंबानी का बजट है और उसी बजट को भाजपा जन – जन के बीच प्रदूषण का खात्मा करने वाला बजट बताती है। यह सच है कि बजट में वायु प्रदूषण के खात्मे के लिए करीब तीन हजार करोड़ के आसपास का प्रस्ताव किया गया है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट सर्वांगीण विकास वाला बजट है। जिसमे किसानों को प्रमुखता प्रदान की गई है। इस दौरान बजट चर्चा तीन किसान बिल से अछूती नहीं रही तो भाजपाई एक स्वर मे कहते नजर आए कि किसान बिल किसानों के हित मे है। वहीं हाल ही मे अर्थशास्त्र की बड़ी जानकार ने भी कहा है कि तीन कृषि बिल से किसानों को लाभ होगा। अगर कहीं किसी को समस्या है तो वह बिचौलियों को है , चूंकि देश भर के देशी – विदेशी बिचौलियों की दुकाने बंद होने का खतरा है जो भारत का कम दाम वाला चावल गल्फ कंट्री मे मंहगे दाम मे बेचते थे। इसलिए कृषि बिल के खिलाफ वाले आंदोलन में विपक्ष के राजनीतिक हित व बिचौलियों के व्यापारिक हित अधिक हैं। वहीं किसानों की मांग को लेकर केन्द्र सरकार संवेदनशील है।
उन्होंने किसान सम्मान निधि का जिक्र किया और बजट में किसान क्रेडिट की नई व्यवस्था की बात की। इस बार के बजट मे किसान क्रेडिट को सरल बनाने पर जोर दिया गया है , साथ ही क्रेडिट कार्ड के लिए बजट बढ़ाया गया।

स्वास्थ्य के क्षेत्र मे भारत उड़ान भरे इसलिए बजट में स्वास्थ्य का बजट पहले से बड़ा किया गया है। क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह का कहना है कि केन्द्र की सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए बजट मे विशेष प्रावधान किए हैं। जैसे कि बजट मे शिक्षा पर भी जोर दिया गया है और एकलव्य विद्यालय बनाने के लिए प्रावधान है। उत्तर प्रदेश मे एक साथ पांच एकलव्य विद्यालय की नींव रखी जाएगी।
इस दौरान लोक निर्माण राज्य मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय से क्षेत्रीय मंत्री विमर्श करते नजर आए। सांसद प्रतिनिधि शक्तिप्रताप सिंह तोमर ने भी फील गुड वाला बजट करार दिया। जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश खरे ने जनपद के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक नागरिक को बजट क्यों अच्छा है ये अवश्य बताएं। प्रदेश मंत्री अशोक जाटव ने कहा कि कार्यकर्ता अपने आसपास बजट चर्चा अवश्य करें। इस दौरान सुशील द्विवेदी , बद्रीविशाल त्रिपाठी , भागवत त्रिपाठी , महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष ममता सिंह और विवेक तिवारी आदि उपस्थित रहे।